द्वितीय विश्व युद्ध के आखिरी दिनों में जापानी पनडुब्बी के हमले का शिकार बने अमेरिकी युद्धपोत का मलबा 72 वर्ष बाद शोधकर्ताओं ने प्रशांत महासागर में खोज निकाला है। यूएसएस इंडियानापोलिस नामक इस युद्धपोत को जापानी शहर हिरोशिमा में गिराए जाने वाले परमाणु बम के कुछ हिस्सों को पहुंचाने के गोपनीय अभियान पर भेजा गया था। अभियान को अंजाम देकर लौटते वक्त 30 जुलाई, 1945 को एक जापानी पनडुब्बी ने इस पर हमला किया था। शोधकर्ताओं के इस दल का नेतृत्व कर रहे पॉल एलेन ने दावा किया है कि इंडियानापोलिस का मलबा प्रशांत महासागर में सतह से 18 हजार फीट (करीब 5.5 किलोमीटर) नीचे मिला है।